फार्मागेज 24 | विशेष रिपोर्ट
20 साल पुराने केटामाइन तस्करी कांड में फैसला: 3 दवा कारोबारियों को सजा, दो मामलों में ₹85-85 हजार का जुर्माना
2006 में दर्ज हुई थीं कुल 13 एफआईआर; अलग-अलग थानों व अदालतों में चले थे मामले, मझगांव कोर्ट ने दोष स्वीकारोक्ति पर सुनाया निर्णय
मुंबई | फार्मागेज 24 ब्यूरो
देश के फार्मा और नियामक जगत में वर्ष 2006 में भूचाल लाने वाले 5.51 करोड़ रुपये के अवैध केटामाइन हाइड्रोक्लोराइड (Ketamine HCl) बिक्री और तस्करी मामले में मुंबई की मझगांव स्थित 15वीं न्यायिक मजिस्ट्रेट (प्रथम श्रेणी) अदालत ने अहम फैसला सुनाया है। न्यायिक मजिस्ट्रेट ए. एम. तामणे की अदालत ने 23 अक्टूबर 2026 को सुनाए गए दो अलग-अलग निर्णयों में तीन प्रमुख आरोपियों— मनीष ललितकुमार भावेशी (प्रोप्राइटर, मेसर्स बालाजी फार्माकेम), संजय ज्ञानू शिरसाट (प्रोप्राइटर, मेसर्स वीनस एंटरप्राइजेज) और दिवेश हसमुखलाल पारिख (सेल्समेन, मेसर्स वीनस एंटरप्राइजेज)—को दोषी करार दिया है।
तीनों आरोपियों ने अदालत के समक्ष स्वेच्छा से अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें 'न्यायालय उठने तक' के सादा कारावास और दोनों मुकदमों में मिलाकर प्रत्येक पर कुल 85,000 रुपये का जुर्माना लगाया है।
क्या होता है केटामाइन (Ketamine) और क्यों होता है इसका दुरुपयोग?
- चिकित्सकीय उपयोग: केटामाइन हाइड्रोक्लोराइड एक शक्तिशाली 'डिसोसिएटिव एनेस्थेटिक' (बेहोशी की दवा) है। इसका उपयोग मुख्य रूप से अस्पतालों में सर्जरी से पहले मरीजों को बेहोश करने, दर्द प्रबंधन (Pain Management) और पशु चिकित्सा (Veterinary Medicine) में किया जाता है।
- नशे के लिए दुरुपयोग: चिकित्सकीय दायरे से बाहर इस दवा का भारी दुरुपयोग 'पार्टी ड्रग' या 'क्लब ड्रग' के रूप में किया जाता है। इसे लेने से व्यक्ति को मतिभ्रम (Hallucination) होता है और वह अपने शरीर व आसपास के वातावरण से कटा हुआ महसूस करता है।
- सख्त कानून: इसके नशे की लत और अवैध तस्करी (विशेषकर विदेशों में) की संभावनाओं को देखते हुए भारत में इसकी बिक्री, भंडारण और वितरण पर ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत कड़े नियम लागू हैं। बिना वैध लाइसेंस और सही रिकॉर्ड के इसकी बिक्री करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।
एक ही कांड, लेकिन दर्ज हुई थीं 13 एफआईआर
इस पूरे प्रकरण की जांच का दायरा काफी बड़ा था। केटामाइन की अवैध बिक्री और तस्करी के इस मामले में उस समय अलग-अलग पुलिस थानों में कुल 13 एफआईआर दर्ज की गई थीं।
- इनमें से एक एफआईआर 31 मार्च 2006 को विलास दुसाने द्वारा मुंबई के एल.टी. मार्ग पुलिस स्टेशन में आरोपी क्रमांक 1 से 11 के खिलाफ दर्ज कराई गई थी।
- वहीं, एक अन्य प्रमुख एफआईआर ड्रग्स इंस्पेक्टर श्री डी.सी. शेख द्वारा आजाद मार्ग पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई थी।
दो अलग-अलग अधिकारियों द्वारा विभिन्न थानों में एफआईआर दर्ज कराने के बाद, अलग-अलग फॉलो-अप ड्रग्स इंस्पेक्टरों ने अदालत में परिवाद (शिकायत) दाखिल किए। इन सभी मामलों में मुख्य आरोपियों के अलावा अन्य सह-आरोपी भी अलग-अलग थे।
चीन में पकड़ी गई थी 1 टन खेप, तब खुला था ₹5.51 करोड़ का खेल
मामले की शुरुआत 2006 में तब हुई जब ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स विभाग को सूचना मिली कि भारत से तस्करी कर चीन भेजी गई करीब एक टन केटामाइन की खेप वहां जब्त की गई है। इसके बाद विभाग द्वारा किए गए बाजार सर्वेक्षण में खुलासा हुआ कि दवा कारोबारियों ने बिना वैध लाइसेंस के थर्ड पार्टियों को करीब 5,947 किलोग्राम केटामाइन हाइड्रोक्लोराइड बेचा था, जिसकी कीमत उस समय करीब 5.51 करोड़ रुपये थी। मई 2006 में सेशंस जज एस. पी. दवरे ने सात आरोपियों की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद उन्होंने बॉम्बे हाईकोर्ट की शरण ली थी।
दोनों मामलों में कोर्ट का आदेश
अदालत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (B.N.S.S.) 2023 की धारा 264 के तहत दोनों मुकदमों में अलग-अलग दंड सुनाया:
- सी.सी. क्रमांक 34/एसडब्ल्यू/2009 (फर्जी रिकॉर्ड व धोखाधड़ी): अज्ञात व्यक्तियों व फर्मों को केटामाइन बेचने और फर्जी बिक्री रिकॉर्ड बनाने के मामले में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 की धारा 27(d) के तहत प्रत्येक आरोपी पर 20,000 रुपये (अदायगी न करने पर 8 दिन का कारावास) और भारतीय दंड संहिता की धारा 417 के तहत 15,000 रुपये (अदायगी न करने पर 6 दिन का कारावास) का जुर्माना लगाया गया।
- सी.सी. क्रमांक 88/एसडब्ल्यू/2009 (बिना लाइसेंस बिक्री व दुरुपयोग): वैध लाइसेंस न रखने वाले सह-आरोपियों को केटामाइन बेचने और नशे के लिए इसके दुरुपयोग से जुड़े मामले में कोर्ट ने धारा 27(d) के तहत दो अलग-अलग अपराधों में प्रत्येक आरोपी पर 25,000-25,000 रुपये (कुल 50,000 रुपये) का जुर्माना लगाया है।
व्यापार बंद होने से मिली सजा में नरमी, अन्य पर चलेगा ट्रायल
आरोपियों ने अदालत से गुहार लगाई कि यह अपराध चूक और लापरवाही से हुआ था तथा किसी को नुकसान पहुंचाने का कोई दुर्भावनापूर्ण इरादा नहीं था। उन्होंने बताया कि अब उनका व्यवसाय पूरी तरह बंद हो चुका है। अदालत ने अधिनियम की धारा 27(d) के विशेष प्रावधानों के तहत नरमी बरतते हुए एक वर्ष से कम की सजा सुनाई। हालांकि, कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि शेष आरोपियों के खिलाफ मुकदमा (Trial) आगे जारी रहेगा।
फार्मा सेक्टर और नियामक कानूनों से जुड़ी हर प्रामाणिक खबर के लिए पढ़ते रहें फार्मागेज 24।


